बरेली जनपद के शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में वॉलीबॉल खिलाड़ी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहरी हिस्से में स्थित मंदिर के पास एक खेल मैदान है, जहां गांव के युवक रोजाना रात में वॉलीबॉल खेलते हैं। युवकों ने खेलने के लिए मैदान में खंभे पर हैलोजन लाइट और वॉलीबॉल नेट की व्यवस्था कर रखी थी। इसी मैदान में शुक्रवार रात भी गांव के कई युवक वॉलीबॉल मैच खेलने पहुंचे थे।
मैच खत्म होने के बाद करीब रात दस बजे खिलाड़ी हमेशा की तरह हैलोजन लाइट बंद करने लगे। बताया जा रहा है कि लाइट के लिए खंभे पर अवैध रूप से बिजली का तार डाला गया था। युवक कूड़ेदान पर खड़े होकर तार हटाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान 21 वर्षीय दुर्गा प्रसाद के हाथ से अचानक बिजली का तार छू गया और उसे तेज करंट का झटका लगा।
करंट लगते ही दुर्गा प्रसाद जमीन पर गिर पड़ा। साथी खिलाड़ियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी तुरंत उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और साथी उसे लेकर बरेली के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां देर रात डॉक्टरों ने दुर्गा प्रसाद को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गा प्रसाद मिलनसार स्वभाव का था और खेलकूद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था। अचानक हुई इस घटना से उसके साथी खिलाड़ी भी गहरे सदमे में हैं।