जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण की पारदर्शी व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी फरवरी 2026 की आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) रैंकिंग में बरेली जनपद की मीरगंज तहसील ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से तहसील प्रशासन और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
प्रदेश स्तर पर जारी इस रैंकिंग में मीरगंज तहसील को 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके चलते इसे प्रदेश में शीर्ष स्थान दिया गया है। इस सफलता का श्रेय मीरगंज में तैनात उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने तहसील प्रशासन और विकास खंड स्तर पर कार्यरत सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया है। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के लिए सभी अधिकारियों ने टीम भावना के साथ काम किया, जिसका परिणाम आज प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान के रूप में सामने आया है।
उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाती है। मीरगंज तहसील में भी शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता दी गई, जिससे लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सका।
फरवरी माह की रैंकिंग में बरेली जनपद की अन्य तहसीलों का प्रदर्शन भी संतोषजनक रहा। तहसील बरेली और आंवला को 100 में से 99 अंक प्राप्त हुए, जिसके साथ उन्हें प्रदेश स्तर पर 49वीं रैंक दी गई है। वहीं नवाबगंज तहसील को 97 अंक के साथ 99वीं रैंक प्राप्त हुई है। इसके अलावा फरीदपुर तहसील को 98 अंक हासिल करते हुए प्रदेश में 83वां स्थान मिला है।
मीरगंज तहसील की इस उपलब्धि को प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सफलता और जन शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता का परिणाम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे, ताकि आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलती रहें।