बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र में रसोई गैस की कालाबाजारी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को मीरगंज तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने फतेहगंज पश्चिमी स्थित सुधा इंडियन गैस एजेंसी पर औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एजेंसी के स्टॉक और अभिलेखों की गहनता से जांच की गई। गोदाम में मौजूद गैस सिलेंडरों की संख्या का रजिस्टर में दर्ज आंकड़ों से मिलान कराया गया, जिसमें सभी रिकॉर्ड पूरी तरह सही पाए गए। तहसीलदार ने बताया कि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई है और क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है।
तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से डिजिटल सर्वर डाउन होने के कारण गैस वितरण में कुछ देरी हो रही थी। हालांकि अब सर्वर पूरी तरह ठीक हो चुका है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही गैस की कमी या कालाबाजारी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कहीं भी गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर गैस एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है और गैस आपूर्ति को लेकर फैली आशंकाएं काफी हद तक दूर हो गई हैं।