जम्मू-कश्मीर से सेब लेकर पटना और बनारस की मंडियों की ओर जा रहे एक कश्मीरी फल व्यापारी की मीरगंज क्षेत्र में अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि सिगरेट पीने के कुछ ही देर बाद व्यापारी सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बाग निवासी वसीम पुत्र गुलाम मोहम्मद अपने मौसेरे भाई जोहर अहमद शाह के साथ दो ट्रकों में सेब लादकर बनारस और पटना की मंडियों की ओर जा रहे थे। रास्ते में बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के सिंधौली चौराहे के पास वसीम के दांत में अचानक तेज दर्द होने लगा। दर्द से राहत पाने के लिए वह हाईवे किनारे स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां उसे इंजेक्शन लगाया गया।
बताया जाता है कि इंजेक्शन लगवाने के बाद वसीम ने एक सिगरेट जलाई। सिगरेट के कुछ ही कश लेने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। यह देख उसके साथ मौजूद जोहर अहमद शाह घबरा गए और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल मीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
सीएचसी के ईएमओ डॉ. रोहन दिवाकर के अनुसार प्राथमिक जांच में आशंका है कि सिगरेट में कोई नशीला या जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है। धुएं के साथ यह पदार्थ शरीर में पहुंचने से वसीम का तंत्रिका तंत्र प्रभावित हुआ और वह बेहोश हो गया। डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया।