Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News: बिना फिटनेस दौड़ीं स्कूल बसें तो रद्द होगी स्कूल की मान्यता

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 18, 2026

Bareilly News: बिना फिटनेस दौड़ीं स्कूल बसें तो रद्द होगी स्कूल की मान्यता

अलीगढ़-आगरा में हादसे के बाद आरटीओ जारी किया आदेश, सघन चेकिंग अभियान आज से

जागरण टुडे, बरेली

अलीगढ़ और आगरा में हाल ही में हुई दर्दनाक स्कूली बस दुर्घटनाओं ने परिवहन विभाग को झकझोर कर रख दिया है। आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने इसे लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए मंडल के सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर अंतिम चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि जांच के दौरान कोई भी स्कूली वाहन बिना फिटनेस, अपूर्ण प्रपत्रों या खराब स्थिति में सड़क पर दौड़ता पाया गया, तो न केवल उस वाहन का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाएगा, बल्कि संबंधित विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की सिफारिश भी शिक्षा विभाग से की जाएगी। यह कदम बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए उठाया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।

आरटीओ ने कहा कि परिवहन विभाग के संज्ञान में यह गंभीर मामला भी आया है कि नामचीन स्कूलों के अधिकृत डीलर बिना पंजीकरण के ही स्कूल वाहनों की डिलीवरी कर रहे हैं। आरटीओ ने कहा कि सुरक्षा के इस घेरे को और मजबूत करने के लिए बरेली मंडल के चारों जिलों बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं में 18 मार्च से 20 अप्रैल तक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

इसमें परिवहन विभाग की टीमें सीधे स्कूलों में जाकर वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, चालकों के वैध लाइसेंस और उनके स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण की बारीकी से जांच करेंगी। स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर अपनी सुरक्षा समिति की बैठक कर उसकी कार्रवाई आरटीओ कार्यालय को सौंपनी होगी। स्पष्ट कहा कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में समस्त उत्तरदायित्व स्कूल प्रबंधन का होगा और जिला प्रशासन की ओर से दंडात्मक कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.