कृष्ण की नगरी मथुरा को अब तक धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता रहा है, जो अब औद्योगिक विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ‘प्लेज’ (PLEDGE) योजना के जरिए जिले को एक उभरते औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इस पहल से न केवल निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
मथुरा के जैंत क्षेत्र में ‘वृंदावन इंडस्ट्रियल प्लेज पार्क’ का निर्माण तेजी से चल रहा है। लगभग 17.5 एकड़ निजी भूमि पर विकसित हो रहे इस औद्योगिक पार्क की अनुमानित लागत करीब 4.37 करोड़ रुपये है। इस परियोजना को वृंदावन डेवलपर एंड इंडस्ट्रियल प्रमोटर द्वारा विकसित किया जा रहा है। पार्क में कुल 61 औद्योगिक प्लॉट तैयार किए जा रहे हैं, जहां सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों को स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता डेवलपर्स और निवेशकों को दी जा रही वित्तीय सहायता है। प्रदेश सरकार पार्क विकसित करने वाले उद्यमियों को मात्र 1 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है। इससे औद्योगिक ढांचे के विकास में तेजी आई है और निवेशकों का विश्वास भी बढ़ा है। उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह के अनुसार, सरकार की मंशा निजी भागीदारी के माध्यम से औद्योगिक आधारभूत संरचना को मजबूत करना है, ताकि प्रदेश में निवेश का माहौल और अधिक अनुकूल बन सके।
जैंत क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति भी इस परियोजना के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दिल्ली-आगरा हाईवे के नजदीक स्थित होने के कारण यहां परिवहन और लॉजिस्टिक्स की सुविधाएं सहज उपलब्ध हैं। इससे उद्योगों को कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों की बाजार तक पहुंच में आसानी होगी। साथ ही सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र औद्योगिक निवेश के लिए आकर्षक बनता जा रहा है।
इस औद्योगिक क्लस्टर के विकसित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। कुशल और अकुशल दोनों प्रकार के श्रमिकों को अपने ही क्षेत्र में काम मिलने से पलायन की समस्या में कमी आएगी। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को इससे नई मजबूती मिलेगी। सरकार का मानना है कि इस तरह के औद्योगिक पार्क प्रदेश के संतुलित विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
उत्तर प्रदेश में ‘प्लेज’ योजना के तहत कई जिलों में इसी प्रकार के निजी औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं। इनमें झांसी, हापुड़, संभल, अलीगढ़, सहारनपुर, कानपुर देहात, बागपत, बरेली, गाजियाबाद, मेरठ, बाराबंकी, लखनऊ, वाराणसी, चंदौली और एटा जैसे जनपद शामिल हैं। इस योजना के तहत निवेशकों को 10 से 50 एकड़ तक की भूमि पर औद्योगिक पार्क विकसित करने की अनुमति दी जा रही है, जिससे प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है।
मथुरा में विकसित हो रहा ‘वृंदावन इंडस्ट्रियल प्लेज पार्क’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। यह न केवल जिले की औद्योगिक पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि यहां के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलेगा। धर्म और आध्यात्म के साथ-साथ अब मथुरा औद्योगिक प्रगति की राह पर भी तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।