Tuesday, March 31, 2026

वृंदावन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया कैंसर ब्लॉक का उद्घाटन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 20, 2026

वृंदावन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया कैंसर ब्लॉक का उद्घाटन

जागरण टुडे, मथुरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और आनंदीबेन पटेल शुक्रवार को मथुरा के वृंदावन स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम पहुंची। जहां उन्होंने अस्पताल में बने अत्याधुनिक ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का उद्घाटन किया।


यह भी पढ़ें: मथुरा पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू का जोरदार स्वागत

राष्ट्रपति का स्वागत स्वामी विमलात्मानंद महाराज, स्वामी सुप्रकाशानंद महाराज और स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल ने रामकृष्ण परमहंस, शारदा देवी और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन कर औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


कैंसर मरीजों को मिलेगा आधुनिक इलाज

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि वृंदावन की पावन भूमि आध्यात्मिकता और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह नया ऑन्कोलॉजी ब्लॉक कैंसर मरीजों के लिए आशा की नई किरण साबित होगा।

यह भी पढ़ें:  राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रेम मंदिर व स्कॉन के किए दर्शन


उन्होंने कहा कि आज कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच और आधुनिक इलाज से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। इस ब्लॉक में अत्याधुनिक तकनीकों के जरिए मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिलेगा।

सेवा और आध्यात्म का संगम

राष्ट्रपति ने कहा कि रामकृष्ण मिशन वर्षों से निस्वार्थ सेवा के कार्यों में जुटा है और यह संस्थान आध्यात्मिकता और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने अस्पताल की सराहना करते हुए कहा कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी उपचार की सुविधा मिलती है।

राज्यपाल ने भी की सराहना

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि यह अस्पताल “नर सेवा ही नारायण सेवा” के सिद्धांत को साकार कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह ऑन्कोलॉजी ब्लॉक हजारों मरीजों के लिए लाभकारी साबित होगा।

400 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह संस्थान पिछले 118 वर्षों से सेवा दे रहा है, जो अब 400 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बन चुका है। यहां किफायती दरों पर उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस

नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक में ट्रूबीम, हैल्सियन, ब्रैकीथेरेपी, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह तीन मंजिला भवन विशेष रूप से कैंसर उपचार के लिए तैयार किया गया है।  इससे मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को सस्ती और विश्वस्तरीय कैंसर उपचार की सुविधा मिलेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.