मूसाझाग थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसैया खेड़ा ललभुजिया के पास स्थित पंच भैया महाराज के देवस्थान पर लगने वाला प्रसिद्ध एक दिवसीय मेला चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार से शुरू होगा। मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे क्षेत्र में श्रद्धा व उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
यह मेला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसकी परंपरा हजारों वर्ष पुरानी मानी जाती है। स्थानीय लोगों की गहरी आस्था है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत अवश्य पूरी होती है। इसी विश्वास के चलते हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दूर-दराज के गांवों और अन्य जनपदों से यहां पहुंचते हैं।
मान्यता है कि चैत्र पूर्णिमा के दिन पंच भैया महाराज के दरबार में पूजा-अर्चना और प्रसाद अर्पित करने से पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-शांति व समृद्धि आती है। यही कारण है कि इस अवसर पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है और पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग जाता है।
मेले को लेकर इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई और सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर भी इंतजाम किए गए हैं। वहीं, विभिन्न जिलों से व्यापारी अपनी दुकानें लगाने के लिए पहुंच चुके हैं। मेले में खिलौने, मिठाइयां, श्रृंगार सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल और पारंपरिक संस्कृति को सहेजने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां लोग परिवार और बच्चों के साथ पहुंचकर मेले का आनंद लेते हैं।
इस संबंध में महंत श्री श्री 1008 भोला गिरी महाराज ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आकर पूजा-अर्चना करें और मेले की गरिमा बनाए रखें।