Thursday, April 16, 2026

बरेली में नैनीताल रोड के स्कूलों और अस्पतालों पर भी चलेगा बुलडोजर...जानिए क्यों

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: April 12, 2026

बरेली में नैनीताल रोड के स्कूलों और अस्पतालों पर भी चलेगा बुलडोजर...जानिए क्यों

नगर निगम ने कोहाड़ापीर से कुदेशिया फाटक तक 55 संपत्तियों पर लगाए लाल निशान

जागरण टुडे, बरेली

नैनीताल रोड को सीएम ग्रिड योजना के तहत मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की राह में रोड़ा बन रहे अतिक्रमण पर नगर निगम का डंडा चलना तय हो गया है। शनिवार को भी नगर निगम की निर्माण विभाग की टीम ने चिह्नीकरण अभियान जारी रखा, जिसमें कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से लेकर कुदेशिया फाटक तक सड़क के दोनों ओर 55 छोटे-बड़े अवैध कब्जे चिह्नित किए गए।

निगम की इस कार्रवाई की जद में बड़े स्कूल-कॉलेजों की दीवारें, अपार्टमेंट के गेट, बरातघर, अस्पताल और दर्जनों दुकानें आ रही हैं। टीम ने पाया कि कई स्थानों पर नगर निगम की सरकारी भूमि पर एक फीट से लेकर 16 फीट तक अवैध निर्माण कर लिया गया है। नोटिस चस्पा कर इनको सात दिन का समय दिया गया है।

नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि चिह्नों की जद में आने वाले सभी अवैध हिस्सों को समय सीमा के भीतर यदि कब्जेदारों ने स्वयं नहीं हटाया, तो निगम प्रशासन कोहाड़ापीर रोड की तर्ज पर बुलडोजर एक्शन शुरू करेगा। इधर, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि मानचित्रकारों और अभियंताओं की टीम ने वर्ष 1920-1921 के पुराने नक्शों को आधार बनाकर निगम की मूल सड़क की सीमा का निर्धारण किया है।

कई प्रतिष्ठान संचालकों ने निगम की पैमाइश पर आपत्ति जताई और इसे गलत बताया, लेकिन अधिकारियों ने उनसे दो टूक शब्दों में कहा है कि सात दिन का समय बीतते ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी, ताकि शहर को जाम मुक्त और सुंदर मॉडल रोड की सौगात मिल सके। इस दौरान यदि किसी ने सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।

बीडीए की टीम ने लगाए लाल निशान

गुलाब राय इंटर कालेज के सामने भी नगर निगम की टीम ने दुकानों और घरों पर 10 से 12 फीट तक के हिस्से को अवैध बताते हुए लाल निशान लगाए हैं। यहां के लोगों का कहना है कि करीब तीस साल पहले उन्होंने बीडीए से संपत्ति खरीदी थ, इससे जुड़े सभी दस्तावेज उनके पास हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है।

महिलाओं का कहना है कि जो निशान लगाए हैं, उससे उनके कारोबार मिट्टी में तब्दील हो जाएगा। सोमवार को तमाम लोग बीडीए के नवीन कार्यालय पहुंचकर बीडीए वीसी डा. मनिकंडन. ए से भेंट कर उनको अपनी दास्ता सुनाएंगे। राजीव, मयंक कपूर, सरजीत, देवेंद्र आदि व्यापारियों का कहना है कि बीडीए की ओर से बेची गई संपत्ति पर निगम को बुलडोजर चलाने का अधिकारी नहीं है।

कब्रिस्तान की जमीन पर बनी 80 दुकानें अवैध, नोटिस जारी

कोहाड़ापीर क्षेत्र में वक्फ संपत्ति और कब्रिस्तान की भूमि पर नगर निगम ने 80 दुकानें अवैध पाई हैं, जो निर्धारित सीमा से 7 से 15 फीट तक सरकारी जमीन दबाए हुए हैं। संपत्ति प्रभारी राजीव कुमार राठी ने संबंधित मुतावल्ली को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर इन दुकानों को खाली करने के आदेश दिए हैं। सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे इन अवैध निर्माणों को यदि तय समय में स्वयं नहीं हटाया गया, तो नगर निगम की टीम ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.