Wednesday, June 3, 2026

Bareilly News : मीरगंज में मालगाड़ी की चपेट में आकर अज्ञात महिला की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 19, 2026

Bareilly News : मीरगंज में मालगाड़ी की चपेट में आकर अज्ञात महिला की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

नगरिया सादात रेलवे फाटक के पास डाउन लाइन पर हुआ दर्दनाक हादसा, आरपीएफ और पुलिस ने शव कब्जे में लिया

जागरण टुडे,मीरगंज(बरेली )

नगरिया सादात स्थित रेलवे फाटक मौर्य नगर के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात महिला की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। हादसा खंभा संख्या 1340/22-23 के बीच डाउन लाइन पर रेड सिग्नल के नजदीक हुआ, जहां महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला का बायां पैर पूरी तरह कट गया और चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय निवासियों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी।


प्रारंभिक जांच में महिला के अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंचने की बात सामने आ रही है, हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों को सूचना दी गई है और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों ने भी हादसे पर दुख जताया है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरपीएफ और थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.