बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कुल्छा खुर्द में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब घर के सभी सदस्य पास के गांव सिंधौली में शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल्छा खुर्द निवासी संजीव मौर्य अपने परिवार के साथ बीती रात घर में ताला लगाकर शादी में गए थे। इसी दौरान मौका पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर घुस गए।
चोरों ने घर में रखी अलमारी और बक्सों के ताले भी तोड़ डाले और पूरे घर को खंगाल डाला। वारदात को अंजाम देकर चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब ग्रामीणों ने घर के टूटे हुए ताले देखे तो उन्हें शक हुआ और उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए—सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस संदिग्धों की तलाश में जा रही है !