फतेहपुर के नवनिर्वाचित सांसद और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के कानपुर स्थित निजी आवास पर हुए हमले को लेकर सपाइयों में खासा आक्रोश है। ''सरदार पटेल स्वाभिमान मंच'' पदाधिकारियों और सपा नेताओं ने सोमवार को हमले के विरोध में कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।
सरदार पटेल स्वाभिमान मंच के अध्यक्ष मनोहर सिंह पटेल के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के सदस्य और तमाम सपा नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे और हमले के विरोध में नारोबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बीते 17 अप्रैल को जब सांसद नरेश उत्तम पटेल अपने आवास पर मौजूद नहीं थे, तब कुछ अराजक तत्वों ने उनके घर पर धावा बोल दिया।
इस दौरान न केवल गाली-गलौज की गई, बल्कि घर में लगी महापुरुषों की तस्वीरों और बैनरों को भी फाड़ दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने सांसद की पत्नी की मौजूदगी में अभद्र व्यवहार किया और घर पर जूते-चप्पल व पत्थर फेंके, जिसे लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द पर एक गंभीर चोट बताया है।
मंच के अध्यक्ष मनोहर पटेल ने इस घटना को महिलाओं के अपमान और पिछड़े वर्ग के समाज के प्रति अनादर का प्रतीक बताया है। ज्ञापन में विशेष रूप से इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि सांसद नरेश उत्तम पटेल ने सितंबर 2025 के लोकसभा सत्र में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दे को मजबूती से उठाया था, इसके बावजूद उनके परिवार के साथ ऐसा कृत्य निंदनीय है।
ज्ञापन के माध्यम से पुरुषोत्तम पटेल, सुरेश गंगवार, बृजेश श्रीवास्तव सविता, हृदेश यादव, मनोहर लाल गंगवार, आदेश गंगवार, करन सागर, हरवेंद्र पटेल सहित कई अन्य सदस्यों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी जनप्रतिनिधि और उनके परिवार के साथ इस प्रकार की अमर्यादित घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।