जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के गांव किशनपुर से मीरगंज कोतवाली के खादर इलाके के गांव बहरौली में पहुंची एक बारात में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दूल्हे की जाति को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने अपनी जाति छिपाकर रिश्ता तय किया था, जिसके चलते लड़की पक्ष ने कड़ा विरोध जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात के गांव पहुंचने से पहले ही एक ड्राइवर द्वारा की गई बातचीत में दूल्हे के गुर्जर समाज से होने की बात सामने आई, जबकि लड़की पक्ष उसे कश्यप समाज का मान रहा था। इस खुलासे के बाद लड़की पक्ष के लोगों में नाराजगी फैल गई।
जैसे ही बारात गांव में दाखिल हुई, विरोध शुरू हो गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इस दौरान दूल्हे और बारातियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और मारपीट की नौबत आ गई। माहौल बिगड़ता देख कई बाराती बीच में ही लौट गए।
सूचना मिलने पर पीआरबी डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया और समझौते के बाद दूल्हे को छोड़ दिया गया।
मीरगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी, लेकिन लड़की पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, हंगामे के बीच अधिकांश बारातियों ने भोजन कर लिया, लेकिन अंततः लड़के पक्ष को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।