बरेली में 11,500 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल, स्मार्ट वॉच समेत सभी गैजेट्स प्रतिबंधित
रविवार 3 मई को आयोजित होने वाली -नीट-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिले में 25 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिले के लगभग 25 परीक्षा केंद्रों पर 11,532 से अधिक अभ्यर्थी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहेगा, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।
परीक्षार्थियों की एंट्री सुबह 11:00 बजे से शुरू हो जाएगी, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र में केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा, जिसमें हाफ स्लीव कपड़े और चप्पल/सैंडल पहनने के निर्देश शामिल हैं।
विष्णु इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय और बरेली कॉलेज समेत जिले में लगभग 25 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। बिना एडमिट कार्ड प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय से केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा प्रक्रिया में सहयोग करें।
बगैर प्रवेश पत्र नहीं दे सकेंगे परीक्षा
इस बार प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है, कि बगैर प्रवेश पत्र के अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही अपना एक फोटो वाला पहचान पत्र व एक फोटो भी लाना होगा।