उत्तर प्रदेश के बरेली में कथित “जिम जिहाद” के मुद्दे को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पंकज पाठक ने आरोप लगाया कि जिले में कुछ जिमों में हिंदू महिलाओं और युवतियों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाएं बेहद गंभीर हैं, और इन्हें संगठन “जिम जिहाद” के रूप में देख रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि एक मामले में जिम संचालकों पर वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये की मांग करने के आरोप लगे हैं। इसके अलावा मिनी बाईपास क्षेत्र स्थित एक जिम में महिला के परिजनों के साथ मारपीट की घटना का भी जिक्र किया गया। संगठन का कहना है कि कई मामलों में महिलाएं सामाजिक दबाव के कारण सामने नहीं आ पातीं, जिससे घटनाएं दब जाती हैं।
जिम संचालकों व ट्रेनरों का पुलिस सत्यापन कराया जाए
हिंदू महासभा ने प्रशासन से मांग की है कि सभी जिम संचालकों और ट्रेनरों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराया जाए। साथ ही प्रत्येक जिम में महिला सदस्यों के लिए महिला ट्रेनर की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। जिन जिमों में महिला ट्रेनर उपलब्ध नहीं है, वहां महिलाओं की सदस्यता पर रोक लगाने पर भी विचार करने की मांग की गई।
जिमों की नियमित जांच को महिला अधिकारी नियुक्त हो
इसके अलावा महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिमों की नियमित जांच के लिए महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित करने की मांग भी उठाई गई है। प्रदर्शन के दौरान श्याम देवल, नंदकिशोर शर्मा, शिवम सक्सेना, सोनू राठौर, ध्रुव कश्यप , छोटेलाल, शैलेंद्र गुप्ता, कुलदीप सिंह, शिवम राठौर , अमित राठौर, सोनेलाल शुक्ला आदि मौजूद रहे।