प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में सीएम योगी ने नवनिर्वाचित शुभेंदु अधिकारी को दी शुभकामनाएं
लखनऊ /कोलकाता, एजेंसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। साथ ही विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बंगाल सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और आर्थिक उत्थान के अमृतकाल में प्रवेश करेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के ऊर्जावान नेतृत्व में ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प अवश्य सिद्ध होगा। उन्होंने कामना की कि नया कार्यकाल बंगाल की जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय बने।
योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल सरकार के नवनिर्वाचित मंत्रियों को भी बधाई दी और कहा कि वे जन-सेवा को सर्वोपरि रखकर ‘सोनार बांग्ला’ के गौरव को पुनर्स्थापित करेंगे। उन्होंने माँ काली से सभी के सफल और लोककल्याणकारी कार्यकाल की प्रार्थना की।
योगी ने शुभेंदु को पहनाया भगवा अंगवस्त्र
कोलकाता में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भगवा अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया। साथ ही, मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक किर्तनिया, क्षुदीराम टुडू, निशीथ प्रमाणिक को भी बधाई दी। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने भी एक जनसभा में योगी आदित्यनाथ को भगवा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया था।