मीरगंज के गुलड़िया गांव में हादसा, भैंस और बछिया गंभीर रूप से झुलसीं
बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गुलड़िया में गुरुवार को अचानक लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। गांव निवासी ताराचंद्र पुत्र आंगनलाल की पशुशाला में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास में बनी झोपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक गोवंश और दो बकरी के बच्चे जिंदा जल गए, जबकि एक भैंस और गाय की बछिया गंभीर रूप से झुलस गईं।
आग लगते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तेज लपटों के कारण आग लगातार फैलती चली गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों मुकेश पाल सिंह, राजकुमार और विष्णु ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आने से पशुशाला में रखा लिहाफ, गद्दा, चारपाई समेत अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। वहीं पास में बनी झोपड़ी पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना के बाद पशुपालक परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।