लखनऊ, जागरण टुडे। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) से जुड़े विवादों के बीच लखीमपुर खीरी के एक अभ्यर्थी के आत्महत्या का मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया है। अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियों और कथित पेपर लीक के चलते छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने लखीमपुर खीरी निवासी नीट अभ्यर्थी ऋतिक मिश्रा की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि परीक्षा रद्द होने के बाद छात्र तनाव और अवसाद में चला गया था। सपा प्रमुख ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मृतक के परिवार को दो करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए 50 हजार रुपये यात्रा भत्ता देने और परीक्षा अनियमितताओं से जुड़े अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही गड़बड़ियां छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि बीते वर्षों में कई परीक्षा घोटाले सामने आए, लेकिन जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी के कारण छात्र मानसिक दबाव में आ रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उल्लेखनीय है कि कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द की गई NEET-UG 2026 परीक्षा अब 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इसकी नई तारीख घोषित कर दी है। इससे पहले परीक्षा तीन मई को कराई गई थी।
लगातार सामने आ रहे परीक्षा विवादों और छात्रों की मानसिक स्थिति को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज होती जा रही है। विपक्षी दल केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं, जबकि लाखों अभ्यर्थियों की नजर अब दोबारा होने वाली परीक्षा पर टिकी है।