Wednesday, June 3, 2026

Bareilly News : मीरगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 16, 2026

Bareilly News : मीरगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

बारिश से पहले प्रशासन अलर्ट, जलभराव वाले गांवों में सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश

ओमकार गंगवार, मीरगंज (बरेली)

जनपद बरेली की तहसील मीरगंज सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

वर्षा से पहले प्रशासन एक्शन मोड में

वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने उन गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, जहां हर वर्ष जलभराव और वाटर लॉकिंग की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे क्षेत्रों में पहले से सफाई अभियान चलाने, नालों की तलीझाड़ सफाई कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।


उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने स्वगणना अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कर्मचारियों को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।


‘नो व्हीकल डे’ की पहल पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई अपील के क्रम में जिला प्रशासन भी लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट में सरकारी वाहनों के अतिरिक्त साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही सप्ताह में शनिवार और सोमवार को ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की पहल भी शुरू की गई है, जिससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों की हुई सुनवाई

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विद्युत, राजस्व, जल जीवन मिशन, पुलिस, आवास, पूर्ति, विकास, चकबंदी, नगर विकास और लोक निर्माण विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।

ग्राम हल्दी खुर्द के एक निवासी ने गाटा संख्या में संशोधन कर सही नाम दर्ज कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार मीरगंज को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम पंचायत हल्दी कलां के एक आवेदक ने सीसी रोड निर्माण न होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी शेरगढ़ को मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मोहल्ला राजेन्द्र नगर, मीरगंज की एक महिला ने आवास दिलाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया, जिस पर अधिशासी अधिकारी मीरगंज को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.