जनपद बरेली के फतेहगंज पूर्वी इलाके में वट सावित्री व्रत पर शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं ने निर्जला व्रत धारण किया और दोपहर बाद पारंपरिक श्रृंगार कर समूह में बट वृक्ष की पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने विधि-विधान से बट वृक्ष की परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधा और पूजा के दौरान पारंपरिक मंगल गीत गाए। इसके बाद बट वृक्ष की आरती उतारकर परिवार की खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की। महिलाओं ने एक-दूसरे को दान-पुण्य भी किया।
मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राणों की रक्षा के लिए यह व्रत रखा था। तभी से सुहागिन महिलाओं में वट सावित्री व्रत रखने की परंपरा चली आ रही है।
व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पूजा से पहले महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी रचाई। इस अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सुंदर मेहंदी डिजाइन के लिए देववती मिश्रा, पूनम मिश्रा, अंजली यादव, रचना देवी, अंजली गुप्ता और पूनम देवी समेत कई महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को नगर की समाजसेविका साधना मिश्रा और उर्मिला देवी मिश्रा ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में धार्मिक आस्था के साथ उत्सव जैसा माहौल बना रहा।