Friday, September 11, 2026

Bareilly News : बीडीएम पब्लिक स्कूल में ‘गोवा बीच थीम पूल पार्टी’ का आयोजन, नन्हे बच्चों ने जमकर लिया मस्ती भरा आनंद

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 20, 2026

Bareilly News : बीडीएम पब्लिक स्कूल में ‘गोवा बीच थीम पूल पार्टी’ का आयोजन, नन्हे बच्चों ने जमकर लिया मस्ती भरा आनंद

समर कैंप के अंतिम दिन पूल पार्टी, रेन डांस और मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों को दी यादगार खुशियां

ओमकार गंगवार,मीरगंज(बरेली) 

बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के लभारी पुलिस चौकी के समीप संचालित बीडीएम पब्लिक स्कूल में समर कैंप के अंतिम दिन किंडरगार्डन के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए “गोवा बीच थीम पूल पार्टी” का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। विद्यालय परिसर को गोवा बीच थीम के अनुसार रंग-बिरंगी सजावट, आकर्षक डेकोरेशन और समर वाइब्स से सजाया गया था, जिसने बच्चों और अभिभावकों का मन मोह लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के स्वागत के साथ हुई। रंग-बिरंगे परिधानों और बीच स्टाइल ड्रेस में सजे नन्हे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए पूल एरिया में उन्होंने पानी की गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। इसके साथ ही रेन डांस ने कार्यक्रम में और भी रोमांच भर दिया। बच्चों ने म्यूजिक की धुनों पर जमकर डांस किया और अपने दोस्तों के साथ खुशनुमा पल बिताए।


समर कैंप के समापन अवसर पर आयोजित इस पार्टी में सिंगिंग, डांसिंग और कई मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के लिए नारियल पानी, भेलपुरी, फ्रूट जूस एवं अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया।


कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियां बच्चों के मानसिक, सामाजिक एवं शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ टीम भावना और सामाजिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।


विद्यालय प्रशासन ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन, रचनात्मकता और नई गतिविधियों से जोड़ना है। समर कैंप का समापन बच्चों की हंसी, उत्साह और यादगार पलों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.