समसपुर के पास हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शुरू की वाहन की तलाश
मनौना धाम दर्शन के लिए जा रहे दो बाइक सवार युवकों को समसपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार पुत्र रामचंद्र निवासी मोहल्ला रमपुरा, रुद्रपुर तथा राकेश पुत्र नंदराम निवासी मोहल्ला रमपुरा, रुद्रपुर एक ही बाइक पर सवार होकर मनौना धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक समसपुर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं राकेश का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।