Saturday, June 13, 2026

Bareilly News : छज्जा डालने को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, एक की मौत

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: May 25, 2026

Bareilly News : छज्जा डालने को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, एक की मौत

मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से हमला; गांव में तनाव, पुलिस तैनात

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

बरेली जनपद के मीरगंज कोतवाली क्षेत्र  के गांव जाम में सोमवार को मकान का छज्जा डालने को लेकर दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, एक परिवार द्वारा मकान पर छज्जा डाला जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। संघर्ष के दौरान कई लोगों को चोटें आईं।

मारपीट में इंद्रपाल और लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लक्ष्मण स्वरूप की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान लक्ष्मण स्वरूप ने दम तोड़ दिया। घटना में दूसरे पक्ष का करन भी घायल बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.