ज्येष्ठ दशहरा पर रामगंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
ज्येष्ठ माह के दशहरा पर्व पर बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र के गोरा तथा कैलाश गिरी रामगंगा घाटों पर विशाल मेलों का आयोजन हुआ। दोनों घाटों पर सुबह से ही सनातन धर्मावलंबियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर गंगा मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मेले में महिला, पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। श्रद्धालु दोपहिया और चारपहिया वाहनों से घाटों तक पहुंचे। रास्ते भर गूंजते भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। घाटों पर श्रद्धालुओं द्वारा अपने पितरों की शांति के लिए भगत एवं पूजन कराया गया। वहीं मनौती पूर्ण होने पर कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी संपन्न कराए।
रामगंगा तट पर हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला दिनभर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीप, फूल और प्रसाद अर्पित कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। मेले में ग्रामीण क्षेत्रों के साथ दूर-दराज से भी लोग पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। गोरा लोकनाथपुर रामगंगा घाट सहित दोनों मेला स्थलों पर मीरगंज कोतवाली और सिरौली थाना पुलिस की तैनाती रही। मीरगंज कोतवाली के नवागत प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार पुलिस बल के साथ लगातार मेला क्षेत्र और मार्गों पर निगरानी करते रहे। तहसील प्रशासन की टीम भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।