जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को बरेली जनपद के मीरगंज कस्बे में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार एवं इंस्पेक्टर रवि कुमार के नेतृत्व में कस्बे के मुख्य बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त कर बाजारों, मस्जिदों के आसपास के इलाकों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
मार्च में स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी जवान भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। पुलिस की सक्रियता से कस्बे में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया।
क्षेत्राधिकारी अजय कुमार ने बताया कि बकरा ईद को लेकर धर्मगुरुओं एवं गणमान्य लोगों के साथ पहले ही बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी और सभी लोग निर्धारित स्थानों पर ही नमाज पढ़ेंगे। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से त्योहार को भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की है।