जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज (बरेली)की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा छात्र-छात्राओं के मध्य एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एस. के. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
गोष्ठी में एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने बढ़ते प्रदूषण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण तथा प्लास्टिक के कम उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए पर्यावरण सुरक्षा के लिए व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण का निर्माण संभव है। गोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन एवं पर्यवेक्षण एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बी. के. प्रधान ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अंत में सभी प्रतिभागियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।