पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल, सर्विलांस टीम और विभिन्न थाना क्षेत्रों के कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने समन्वय बनाकर मोबाइल बरामदगी अभियान को सफल बनाया। मोबाइल फोन की तलाश के लिए सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों और जनपदों से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए।
अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाली कई थाना स्तरीय साइबर टीमों को भी सम्मानित किया गया। प्रेमनगर, कैंट, किला, सीबीगंज, शाही, विशारतगंज, अलीगंज, फरीदपुर, भोजीपुरा, शीशगढ़, देवरनियां, शेरगढ़, नवाबगंज और हाफिजगंज की टीमों को उत्कृष्ट कार्य के लिए नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच कुल 5,259 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और लगातार निगरानी के कारण मोबाइल बरामदगी का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर फोन को ब्लॉक कराएं। इससे मोबाइल के दुरुपयोग की आशंका कम होती है और उसे ट्रेस करने में भी मदद मिलती है।