मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी मई 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। विकास और राजस्व कार्यक्रमों की संयुक्त (ओवरऑल) रैंकिंग में प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए बरेली नंबर-1 पर पहुंच गया। इस उपलब्धि को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, नियमित मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय का परिणाम माना जा रहा है।
सीएम डैशबोर्ड प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और राजस्व संबंधी कार्यक्रमों की प्रगति को मापने का महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है। हर महीने विभिन्न विभागों के प्रदर्शन, योजनाओं के क्रियान्वयन, शिकायतों के निस्तारण, राजस्व मामलों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति के आधार पर जिलों की रैंकिंग तय की जाती है।
मई 2026 की रिपोर्ट में बरेली को विकास कार्यक्रमों में प्रदेश में तीसरा स्थान मिला, जबकि राजस्व कार्यक्रमों में भी जिला तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि दोनों श्रेणियों के संयुक्त मूल्यांकन में बरेली ने सबसे अधिक अंक अर्जित कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि जिलाधिकारी अविनाश सिंह की लगातार समीक्षा बैठकों, समयबद्ध लक्ष्य निर्धारण और विभागीय जवाबदेही तय करने की रणनीति का परिणाम है। बीते कई महीनों से जिलाधिकारी स्वयं विभिन्न विभागों की प्रगति की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। लंबित मामलों के निस्तारण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और राजस्व कार्यों में तेजी लाने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे थे।
जिले की इस उपलब्धि ने प्रशासनिक महकमे में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान मिलने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। जिलाधिकारी ने इस सफलता के लिए सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में भी विकास एवं राजस्व कार्यक्रमों की गति इसी प्रकार बनाए रखनी होगी।