मोहर्रम को लेकर प्रशासन ने इस बार पहले ही सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को आयोजित सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने साफ कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट तय कर दी है। नई परंपरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए नागरिकों ने मोहर्रम जुलूसों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। बैठक में खराब सड़कें, जलभराव, बिजली के नीचे झूलते तार, अस्थायी डिवाइडर और सफाई व्यवस्था प्रमुख मुद्दे सामने आए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होगी। सभी ताजियेदारों तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि ताजिये की कुल ऊंचाई, चाहे वह व्यक्ति लेकर चल रहा हो या वाहन पर रखा गया हो, जमीन से 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस निर्देश का उल्लंघन सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक जुलूस के साथ पुलिस, प्रशासन और विद्युत विभाग की टीम मौजूद रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। युवाओं और बच्चों को भी माहौल खराब न करने की हिदायत देने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर सभी गड्ढे भरवाए जाएं और कहीं भी जलभराव की स्थिति न रहने दी जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफाई और मार्ग व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं होनी चाहिए जिससे प्रशासन और पुलिस की छवि पर सवाल उठें।
बिजली विभाग को विशेष अलर्ट
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक ने कहा कि जुलूस मार्गों पर बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और तारों की स्थिति का विशेष आकलन किया जाए। मोहर्रम के दौरान ताजियों के साथ निकलने वाले अलम (झंडे) कई बार काफी ऊंचे होते हैं, ऐसे में बिजली के तारों से संपर्क होने पर बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए विद्युत विभाग समय रहते सभी आवश्यक सुधार सुनिश्चित करे।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी जुलूसों के निर्धारित मार्गों का पुलिस टीम कम से कम दो घंटे पहले निरीक्षण करेगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
ताजियेदारों के साथ अलग से होंगी बैठकें
प्रशासन ने उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे थाना स्तर पर ताजियेदारों और स्थानीय जिम्मेदार लोगों के साथ बैठकें कर प्रशासनिक निर्देशों से अवगत कराएं। खासतौर पर ताजियों की ऊंचाई संबंधी आदेश का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया गया है।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम बहेड़ी ईशिता किशोर सहित जिले के सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।