भारतीय जनता पार्टी महानगर मथुरा की ओर से बुधवार को गोवर्धन रोड स्थित खंडेलवाल सेवा सदन में विकसित भारत सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों, सामाजिक प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लेकर विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जनभागीदारी और सामाजिक सहयोग को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरुजी), मथुरा-वृंदावन विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा, महापौर विनोद अग्रवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकारी योजनाओं से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
मथुरा-वृंदावन विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे समाज में जागरूकता बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने नगर विकास, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्रहित में कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष डीपी गोयल ने की, जबकि संचालन महानगर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए अपने सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, रामकिशन पाठक, ललित गौतम, कल्पना गर्ग, अंकुर गुर्जर, हेमंत खंदौली, पूजा चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, योगेश, यज्ञदत्त कौशिक, रजत वाल्मीकि, नितिन चतुर्वेदी, आशीष शर्मा, राकेश तोमर, अभिषेक और आकाश पचौरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।