जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अवैध अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ ही स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में ओपीडी, आईपीडी, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस सेवाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ को निर्देश दिए कि जिले में संचालित अवैध एवं अनाधिकृत अस्पतालों तथा झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीसीपीएनडीटी समिति को कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच करने और अनियमितता मिलने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जिले में 28 जून से पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान शुरू होगा। 28 जून को बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, जबकि 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। छह जुलाई को बी-टीम गतिविधियां संचालित होंगी। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और नवजात शिशुओं की निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आभा आईडी जनरेशन में तेजी लाने और एंबुलेंस सेवाओं को निर्धारित समय के भीतर मरीजों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, नियमित टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट रखने के निर्देश दिए। टीबी जांच बढ़ाने और मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्कता बरतने पर भी बल दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. नीरज अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।