गुड्डू यादव, जागरण टूडे,कासगंज।
जनपद न्यायाधीश रामेश्वर, जिलाधिकारी प्रणय सिंह तथा पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने गुरुवार को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार में सुरक्षा, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जेल में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना। अधिकारियों ने बंदियों से पूछा कि उन्हें भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। बंदियों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया।
अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि सभी बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में निरीक्षण दल ने कारागार के रसोईघर, खाद्यान्न भंडार, पुरुष बैरक, महिला बैरक तथा किशोर बैरक का निरीक्षण किया। रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया। वहीं खाद्यान्न स्टोर में उपलब्ध सामग्री और उसके रखरखाव की भी जांच की गई।
महिला बैरक में पहुंचकर अधिकारियों ने महिला बंदियों से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिला बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा तथा जेल प्रशासन को आवश्यकतानुसार सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं तथा बंदियों के रहने की व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए व्यवस्था को इसी प्रकार बनाए रखने पर जोर दिया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खान जीशान मसूद, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शालिनी विधेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।