Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: गम और अकीदत के साये में निकला मोहर्रम का ताजियों का जुलूस, इमाम हुसैन की शहादत को किया याद

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 26, 2026

KASGANJ: गम और अकीदत के साये में निकला मोहर्रम का ताजियों का जुलूस, इमाम हुसैन की शहादत को किया याद

नगर के विभिन्न मोहल्लों से उठे ताजिए, सट्टी बाजार में हुए एकत्रित, देर रात कर्बला में किए जाएगे सुपुर्द-ए-खाक

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

गंजडुंडवारा। मोहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को नगर में गम, अकीदत और एहतराम के माहौल के बीच ताजियों का जुलूस निकाला गया। अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में खिराज-ए-अकीदत पेश की। मातमी धुनों और "या हुसैन" की सदाओं के बीच निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की और पूरे नगर में धार्मिक आस्था का वातावरण बना रहा।


नगर के पूरब थोक, पश्चिम थोक, मंसूर चौक, सट्टी बाजार, गनेशपुर, पचपोखरा, इमामबक्स, गड़का, नवाबगंज नगरिया और कादरगंज सहित विभिन्न मोहल्लों से सजे-धजे ताजिए निकाले गए। सभी ताजिए सट्टी बाजार चौक पर एकत्रित हुए, जहां अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद देर रात पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

जुलूस के दौरान विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं नगर के करीब दो दर्जन स्थानों पर शरबत, शीतल पेयजल, नमकीन और बिस्कुट का वितरण किया गया। कुछ स्थानों पर ताजियों की ऊंचाई के कारण विद्युत लाइनों से स्पर्श की स्थिति बनने पर स्थानीय लोगों ने लग्गी की सहायता से तारों को ऊपर उठाकर जुलूस को सुरक्षित आगे बढ़ाया।

पश्चिम थोक के ताजिए की व्यवस्था में आसिफ, साबिर हुसैन, वकील अहमद, डॉ. शानू, चांद मियां और सब्बू सहित अनेक लोगों ने सहयोग दिया। वहीं पूरब थोक के ताजिए की व्यवस्था में अब्बू भूरा, प्यारे मियां, मुख्तयार, सारीब सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।

जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। कोतवाली प्रभारी राधेश्याम कश्यप के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक रविंद्र चाहर, उपनिरीक्षक डिप्टी सिंह सहित पुलिस बल के जवान पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहे। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों और पीएसी/अतिरिक्त पुलिस बल की भी प्रमुख स्थानों पर तैनाती रही। अधिकारी लगातार जुलूस मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे, जिससे पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था सुचारु बनी रही।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.