मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में सोमवार को मंडल स्तरीय कर-करेत्तर कार्यों एवं राजस्व वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा मंडल के चारों जिलों की कर वसूली, राजस्व वादों के निस्तारण और विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन किया गया। लक्ष्य से पीछे रहने वाले विभागों और जनपदों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि वाणिज्य कर मद में चारों जिलों की वसूली अपेक्षा से कम रही, जिससे उनकी रैंकिंग में भी गिरावट दर्ज की गई। विशेष रूप से फिरोजाबाद और मैनपुरी की प्रगति लक्ष्य से काफी पीछे पाई गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को वसूली अभियान तेज कर निर्धारित लक्ष्य हर हाल में हासिल करने के निर्देश दिए।
स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन तथा आबकारी विभाग की समीक्षा में भी चारों जिले मासिक लक्ष्य प्राप्त करने में पीछे रहे। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से जवाबदेही तय करते हुए राजस्व संग्रह में तेजी लाने को कहा।
हालांकि परिवहन विभाग की समीक्षा में स्थिति संतोषजनक रही। चारों जिलों ने निर्धारित मासिक लक्ष्य प्राप्त कर अपनी रैंकिंग में सुधार किया। वहीं खनिज राजस्व की समीक्षा में फिरोजाबाद और मैनपुरी की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर मिली। मंडलायुक्त ने यहां भी वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्य देय और विविध देय की समीक्षा के दौरान आगरा जिला वसूली के मामले में सबसे पीछे पाया गया। इस पर अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर बकाया वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राजस्व वादों के निस्तारण की भी विस्तार से समीक्षा की गई। धारा 24, 34, 67, 80 और 116 के अंतर्गत लंबित मामलों की प्रगति पर चर्चा करते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी न्यायालयों में निर्धारित समय सीमा के भीतर लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक जिले की पांच सर्वश्रेष्ठ और पांच सबसे कमजोर तहसीलों के प्रदर्शन की भी समीक्षा की तथा जिलाधिकारियों को कमजोर प्रदर्शन वाली तहसीलों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, ताकि मंडल की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, जिलाधिकारी मथुरा सीपी सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी (वित्त) अमरेंद्र वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।