मुख्यमंत्री व डीजीपी को टैग कर स्थानांतरण पर पुनर्विचार की मांग, पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं
जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जनपद कासगंज पुलिस लाइन में तैनात प्रतिसार निरीक्षक रविंद्र कुमार मलिक का महोबा जनपद में स्थानांतरण होने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। प्रतिसार निरीक्षक की पत्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को टैग करते हुए स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार की मांग की है।
सोशल मीडिया पर किए गए अपने पोस्ट में उन्होंने स्थानांतरण को लेकर कई सवाल उठाए हैं। साथ ही दावा किया है कि इस तबादले से उनके परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी लिखी है और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए पति की तैनाती किसी नजदीकी जनपद में किए जाने का अनुरोध किया है।
पोस्ट में सरकार और पुलिस व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा उन्होंने जाति का उल्लेख करते हुए कुछ विवादित टिप्पणियां भी की हैं, जिनकी सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हो रही है। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, अभी तक पुलिस विभाग अथवा शासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि स्थानांतरण सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है या किसी विशेष कारण से।
गौरतलब है कि पुलिस विभाग में समय-समय पर प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण किए जाते हैं। ऐसे मामलों में व्यक्तिगत परिस्थितियों के आधार पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी नियमानुसार अपनी आपत्ति अथवा अनुरोध प्रस्तुत कर सकते हैं, जिस पर सक्षम स्तर पर निर्णय लिया जाता है।
फिलहाल, प्रतिसार निरीक्षक रविंद्र कुमार मलिक के स्थानांतरण और उनकी पत्नी द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए गए सवाल चर्चा का विषय बने हुए हैं। अब सभी की निगाहें शासन और पुलिस विभाग की संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।