पीड़ित गृहस्वामियों ने नगर पंचायत की लापरवाही का लगाया आरोप, डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग
जागरण टूडे, अनवर खान, सहावर।
कस्बा सहावर के बोदर रोड पर नगर पंचायत द्वारा बरसात के दौरान कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। निर्माण कार्य में कथित लापरवाही के चलते दो मकानों को नुकसान पहुंचा है। एक मकान का चबूतरा ढह गया, जबकि दूसरे मकान की दीवारों में गंभीर दरारें आने से परिवार दहशत में है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बोदर रोड निवासी संतोष ने बताया कि करीब 14 दिन पहले नाला निर्माण के लिए उनके मकान के सामने खुदाई की गई थी। इसके बाद निर्माण कार्य लंबे समय तक अधूरा छोड़ दिया गया। लगातार बारिश और खुली खुदाई के कारण उनके मकान का चबूतरा भरभराकर गिर गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया।
वहीं, दूसरे पीड़ित विजयपाल सिंह ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान की गई खुदाई से उनके मकान की नींव प्रभावित हुई है। इसके चलते मकान की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने मकान को लकड़ी की बलियों के सहारे टिकाया हुआ है। उनका कहना है कि परिवार के लोग हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका में रह रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला निर्माण का कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन नगर पंचायत ने मॉनसून के बीच खुदाई शुरू कर दी। लगातार बारिश से खुदाई वाले हिस्सों में मिट्टी धंस रही है, जिससे आसपास के मकानों की नींव कमजोर होने का खतरा बढ़ गया है।
पीड़ित गृहस्वामियों और स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।