Tuesday, July 28, 2026

शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 26 शिक्षकों को मिले डिजिटल हेल्थ कार्ड

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 8, 2026

शिक्षकों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 26 शिक्षकों को मिले डिजिटल हेल्थ कार्ड

जागरण टुडे, अलीगंज (एटा)।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बुधवार को अलीगंज तहसील सभागार में योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में अलीगंज और जैथरा ब्लॉक के बेसिक शिक्षा विभाग तथा माध्यमिक शिक्षा परिषद के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन का भी प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इलाज के दौरान शिक्षकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकेंगी।

उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने शिक्षकों से ई-केवाईसी कराकर डिजिटल हेल्थ कार्ड बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक शिक्षक योजना से जुड़कर इसका लाभ उठाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी आर्थिक परेशानी के उपचार कराया जा सके।

जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के लिए बेहद उपयोगी पहल है। इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी तथा आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा विभाग के 14 और माध्यमिक शिक्षा परिषद के 12 शिक्षकों को डिजिटल कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने शिक्षकों को कार्ड के उपयोग, ई-केवाईसी प्रक्रिया और कैशलेस उपचार की पूरी जानकारी भी दी।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, मुकेश कुमार सहित दोनों ब्लॉकों के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.