जागरण टुडे, मथुरा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी के प्रथम मथुरा आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। यमुनापार स्थित लक्ष्मीनगर तिराहे पर आयोजित स्वागत समारोह में महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान भाजपा के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वागत समारोह के बाद पूरन लाल लोधी भाजपा जिला कार्यालय पुष्पांजलि पहुंचे, जहां महानगर और जिला पदाधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त करने पर जोर दिया गया।
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जितना मजबूत बूथ होगा, उतना ही मजबूत संगठन होगा और यही भाजपा की निरंतर सफलता का आधार है।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के बल पर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर ही भविष्य की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है। उन्होंने सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन कुंज बिहारी चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर ब्रज क्षेत्र महामंत्री नागेश मिश्रा, विधायक पूरन प्रकाश, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, श्याम शर्मा, विनीत शर्मा, संजय शर्मा, ललित गौतम, कल्पना गर्ग, सुनीता उपाध्याय, पूजा चौधरी, पूनम वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।