जागरण टुडे, एटा।
सरकारी क्रय केंद्रों पर कथित अनियमितताओं और किसानों की शिकायतों को लेकर सदर विधायक विपिन वर्मा सोमवार को अलीगंज रोड स्थित गल्ला मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया को लेकर जवाब भी तलब किया।
विधायक ने आरोप लगाया कि बाजरा खरीद में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उनका कहना था कि किसानों की उपज खरीदने के बजाय आढ़तियों का अनाज सरकारी खरीद केंद्रों पर खरीदा गया, जिससे वास्तविक किसान अपने अधिकार से वंचित रह गए। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में करोड़ों रुपये का खेल हुआ है।
मक्का खरीद न होने से नाराज किसानों ने भी विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों का कहना था कि सरकारी खरीद शुरू न होने से उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने अधिकारियों से मक्का खरीद की स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
विपिन वर्मा ने आरोप लगाया कि धान, गेहूं और बाजरा खरीद के बाद अब मक्का खरीद में भी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था में नीचे से लेकर उच्च स्तर तक के अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विधायक ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। उन्होंने मांग की कि इस समिति में किसानों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए, ताकि जांच पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके। उनका कहना था कि किसानों की भागीदारी से ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी और दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई संभव होगी।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। सरकारी खरीद व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।