पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एकतरफा प्यार के चलते हुई खूनी वारदात ने पूरे परिसर को झकझोर कर रख दिया। सीटी स्कैन विभाग में ड्यूटी के दौरान एक छात्रा पर उसके सहपाठी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक स्टाफ नर्स भी घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी छात्र को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपुर निवासी 20 वर्षीय कशिश पटेल पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में डिप्लोमा इन सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वहीं आरोपी सागर सिंह (19) कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र के ग्राम मडेवा का रहने वाला है और मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे टेक्नीशियन का कोर्स कर रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 8:45 बजे कशिश सीटी स्कैन विभाग में ड्यूटी पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी सागर सिंह वहां पहुंचा और कथित रूप से एकतरफा प्यार के चलते उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से विभाग में अफरा-तफरी मच गई और छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
छात्रा की चीख-पुकार सुनकर स्टाफ नर्स निधि सहगल उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन आरोपी के हमले में वह भी घायल हो गईं। इसके बाद अस्पताल कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से घायल कशिश को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के भोजीपुरा स्थित श्रीराम मूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जु
टी हुई है।