Wednesday, July 29, 2026

कशिश पटेल हत्याकांड: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने परिवार से मिलकर न्याय का दिलाया भरोसा

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 16, 2026

कशिश पटेल हत्याकांड: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने परिवार से मिलकर न्याय का दिलाया भरोसा

जागरण टुडे, बरेली।

ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, पीलीभीत की छात्रा कशिश पटेल की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने बुधवार को अपनी टीम के साथ बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव केसरपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मृतका के परिजनों ने आयोग की सदस्य को बताया कि आरोपी छात्र सागर सिंह लंबे समय से कशिश पटेल को परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। उनका आरोप है कि कशिश ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा से मौखिक रूप से इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम उठाए गए होते तो यह घटना टाली जा सकती थी।


परिजनों ने आरोपी छात्र के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ ही शिकायत की अनदेखी करने वाले कॉलेज प्रशासन, विशेषकर प्राचार्य के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

पुष्पा पांडे ने परिवार को भरोसा दिलाया कि कशिश को न्याय दिलाना राज्य महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आरोपी के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला आयोग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और निष्पक्ष जांच के माध्यम से न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.