गंजडुंडवारा। चार वर्षीय मासूम नवजुल के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले में पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह गुरुवार को स्वयं गंजडुंडवारा पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। एसपी ने अधिकारियों को बच्चे की सकुशल बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच करने और तलाश अभियान में किसी भी स्तर पर कोई कमी न छोड़ने के निर्देश दिए। वही स्थानीय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम लगातार बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।
आपको बता दे कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के मोहल्ला पूरब थोक निवासी चांद मियां का चार वर्षीय पुत्र नवजुल बुधवार दोपहर करीब दो बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई, जिससे अन्य बच्चे अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन नवजुल वहीं खेलता रह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसे आखिरी बार मोहल्ले के पास स्थित नाले की पुलिया के आसपास देखा गया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
शाम तक जब नवजुल घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना गंजडुंडवारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर सर्च अभियान शुरू कर दिया।
गुरुवार को क्षेत्राधिकारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चे की तलाश के लिए कासगंज से डॉग स्क्वायड बुलाया गया। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हर संभावित सुराग पर काम शुरू किया। बच्चे के आखिरी बार नाले के पास देखे जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहले स्थानीय लोगों की मदद से नाले में तलाश कराई। बाद में नगर पालिका की जेसीबी मशीन से नाले की सफाई कराते हुए पूरे क्षेत्र की गहन खोजबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
एसपी ओम प्रकाश सिंह के अनुसार 30 जुलाई को प्राप्त सूचना के आधार पर थाना गंजडुंडवारा में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। स्थानीय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम लगातार बच्चे की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों से मिल रही सूचनाओं और उपलब्ध लोकेशन के आधार पर हर संभावित स्थान पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मासूम के रहस्यमय ढंग से लापता होने से पूरे मोहल्ले में चिंता और दहशत का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच करते हुए बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक नवजुल का कोई सुराग नहीं मिल सका है।