जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। चार वर्षीय मासूम नवजुल के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले में शुक्रवार को भी सर्च अभियान लगातार जारी रहा। पुलिस की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी रहीं, वहीं नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा के प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सर्च अभियान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटनाक्रम जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने खुले नाले को हादसों से बचाने के लिए रेलिंग अथवा ऊपर जाल लगाकर सुरक्षित कराने की मांग उठाई, जिस पर प्रभारी अधिशासी अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
आपको बता दे कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के मोहल्ला पूरब थोक निवासी चांद मियां का चार वर्षीय पुत्र नवजुल 29 जुलाई की दोपहर घर के बाहर खेलते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे को आखिरी बार मोहल्ले के पास स्थित नाले की पुलिया के आसपास देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद से स्थानीय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीम और डॉग स्क्वायड लगातार बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। पिछले दो दिनों में नाले की जेसीबी मशीन से सफाई कराकर भी सघन खोजबीन की गई, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच और तलाश अभियान चला रही है।
शुक्रवार को प्रभारी अधिशासी अधिकारी अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्च अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन बच्चे की तलाश में हरसंभव सहयोग कर रहा है और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने खुले नाले को लेकर चिंता जताई। लोगों ने कहा कि नाले के किनारे सुरक्षा रेलिंग या ऊपर लोहे का जाल लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं या हादसों की आशंका को कम किया जा सके। इस पर प्रभारी अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव एवं कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर पालिका परिषद के लेखाकार श्रीकांत शर्मा, स्वच्छता प्रभारी तसलीम अहमद, गंगा प्रसाद शाक्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
उधर, बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस का सर्च अभियान लगातार जारी है। पूरे मोहल्ले में चिंता का माहौल बना हुआ है और परिजन टकटकी लगाए अपने मासूम के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक नवजुल का कोई सुराग नहीं मिल सका था।