सोरों (अंकित पंडित)। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के बीच शुक्रवार को कासगंज जनपद के पौराणिक तीर्थ स्थल सोरों शूकर क्षेत्र स्थित लहरा गंगा घाट पर मंडलायुक्त संगीता सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर कांवड़ यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने गंगा जल भरने पहुंचे कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने घाट पर तैनात गोताखोरों से भी संवाद किया और उन्हें पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह, अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा, पंकज भार्गव सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।