सोरों, अंकित पंडित। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। रविवार को लहरा गंगा जी घाट पर उस समय भक्तिमय माहौल बन गया, जब एसडीएम हर्षिता देवड़ा ने घाट पहुंचकर गंगा जल भरने आए कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। फूलों की पंखुड़ियां बरसते ही घाट पर ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंज उठे और कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।
सुबह से ही लहरा गंगा जी घाट पर कांवड़ियों की भारी भीड़ पहुंचने लगी थी। दूर-दराज से आए भोले के भक्त गंगा जल भरकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे थे। इसी दौरान एसडीएम हर्षिता देवड़ा प्रशासनिक टीम के साथ घाट पर पहुंचीं और कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। अधिकारियों द्वारा किए गए इस स्वागत से श्रद्धालु भी उत्साहित नजर आए।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर एसडीएम ने घाट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर गोताखोरों और पुलिस की तैनाती 24 घंटे सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कांवड़ियों के लिए अस्थायी शौचालय और पेयजल की व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए। साथ ही रास्तों पर लगी लाइटों और बैरिकेडिंग को दुरुस्त रखने को कहा, ताकि रात के समय भी कांवड़ियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
‘पुष्प वर्षा स्वागत नहीं, श्रद्धा का सम्मान’
एसडीएम हर्षिता देवड़ा ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था लेकर गंगा घाटों पर पहुंचते हैं। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पुष्प वर्षा केवल स्वागत नहीं, बल्कि भोले के भक्तों की आस्था और उनके जज्बे के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रशासन का प्रयास है कि लहरा घाट से गुजरने वाला प्रत्येक कांवड़िया सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे।
कांवड़ियों में दिखा उत्साह
एसडीएम के हाथों पुष्प वर्षा से स्वागत पाकर कांवड़ियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा इस तरह घाट पर पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया जाना सम्मान की अनुभूति कराता है।
श्रावण मास के दौरान लहरा गंगा जी घाट पर कांवड़ियों का आवागमन लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ यात्रा पूरी करने की अपील की गई है।
इस दौरान बड़े बाबू पंकज भार्गव बघेल, पुख्ता प्रधान विकास चौहान सहित प्रशासनिक टीम और अन्य लोग मौजूद रहे।