सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश, विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को श्री गणेश इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में तिरंगा कॉन्सर्ट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पीएसी बैंड की देशभक्ति धुनों से हुआ। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। ऑडिटोरियम में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल भावनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारे आचरण, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में भी दिखाई देना चाहिए। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति प्रत्येक नागरिक के दायित्वों का निरंतर स्मरण कराता है।
कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम की यादों को संजोया। इस दौरान पूरा ऑडिटोरियम देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजता रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना के साथ हुआ।
इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पर्यटन अधिकारी, श्री गणेश इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।