कासगंज के मोहनपुरा क्षेत्र के गांव टीकमपुरा निवासी 19 वर्षीय अमन पुंढीर पुत्र रामकिशन पुंढीर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार अमन रविवार देर शाम गांव के अन्य साथियों के साथ सोरोंजी के लहरा गंगा घाट पर कांवड़ भरने के लिए गया था। रात करीब एक बजे वह अन्य श्रद्धालुओं के साथ गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर वह गहरे पानी में डूब गया।
बताया गया कि गंगा स्नान कर रहे अन्य श्रद्धालुओं के पैरों से अमन का शरीर टकराया, जिसके बाद उसके डूबने की जानकारी हुई। उधर, साथियों ने जब अपने सभी सदस्यों की गिनती की तो अमन के गायब होने का पता चला। इसके बाद सभी साथी उसे तलाशने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद अमन को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आठ दिन पहले ही तलाश कर घर लाए थे परिजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमन कुछ दिन पहले पंजाब के अंबाला में नौकरी के दौरान अचानक लापता हो गया था। उसके लापता होने से परिवार बेहद परेशान हो गया था। तमाम प्रयासों के बाद करीब आठ दिन पूर्व उसे दिल्ली से तलाशकर परिजन घर लेकर आए थे। परिवार ने राहत की सांस ली ही थी कि गंगा में डूबने की दर्दनाक घटना ने उनकी खुशियां छीन लीं।
अमन परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही माता-पिता और छोटी बहन खुशी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।