विकास खंड जगत की ग्राम पंचायत रुखड़ा खौला के नगला गांव में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और जेई पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस सड़क पर निर्माण शुरू कराया गया, उसकी दोनों ओर करीब सौ-सौ मीटर नींव तैयार होने के बाद अब उसे उखाड़ा जा रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जाटव समाज के गांव के लिए इंटरलॉकिंग सड़क का कार्य शुरू कराया गया था। निर्माण के तहत दोनों तरफ लगभग सौ-सौ मीटर नींव भी तैयार हो चुकी थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह शाक्य की कथित हठधर्मिता के चलते अब तैयार नींव को उखाड़ा जा रहा है। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो प्रधान ने कथित तौर पर बताया कि इंटरलॉकिंग का कार्य दूसरी जगह होना है और इस सड़क पर निर्माण नहीं किया जाएगा।
इस मामले में ग्राम प्रधान राजेंद्र शाक्य का कहना है कि कार्य दूसरी जगह होना था, लेकिन जेई की लापरवाही के कारण ठेकेदार ने गलत स्थान पर काम शुरू कर दिया।
वहीं जेई प्रदीप कुमार ने बताया कि ठेकेदार ने दो दिन तक बिना पूछे कार्य कराया और जिस सड़क पर निर्माण होना था, उसके बजाय गलत सड़क पर काम शुरू कर दिया गया।
हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि यदि कार्य गलत स्थान पर शुरू हुआ था तो शुरुआत में ही इसे रोका क्यों नहीं गया? उनका कहना है कि नींव तैयार होने के बाद उसे उखाड़ना सरकारी धन और श्रम की बर्बादी का सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और स्वीकृत सड़क पर ही निर्माण कराने की मांग की है।
मौके पर सुरेश चंद्र, कनहई लाल, चंद्रपाल सिंह, मिंटू, रामनाथ, राजेश्वर, रामजीत, राकेश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।