सहावर, अनवार खान। प्रदेश में लेखपालों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ), एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम की ओर से की जा रही कार्रवाई के विरोध में शनिवार को लेखपालों ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। सुबह से शुरू हुए धरने में लेखपालों ने कार्रवाई को अनुचित बताते हुए शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष पंकज यादव ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसके बावजूद कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता और संबंधित लेखपाल की भूमिका की पर्याप्त जांच किए बिना कार्रवाई किए जाने से कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों में असंतुष्ट लोगों की ओर से कई बार दुर्भावनापूर्ण शिकायतें भी की जाती हैं।
संघ के जिलाध्यक्ष दीपक भारद्वाज ने कहा कि किसी भी शिकायत पर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई से पहले उसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने अयोध्या जनपद की तहसील सोहावल में लेखपाल के साथ हुई हालिया घटना का भी उल्लेख किया। लेखपालों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से पूरे संवर्ग में असुरक्षा और आक्रोश का माहौल बन रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद शाम करीब चार बजे लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने तहसीलदार संदीप चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एसीओ, एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम की ओर से की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
इस दौरान संघ अध्यक्ष पंकज यादव, सचिव वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिकरुल हसन, कुलदीप शर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रियंशी माहेश्वरी, उप सचिव दिनेश कुमार, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार, लेखा परीक्षक गगन कुमार सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।