रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों की सुरक्षित आवाजाही और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एटा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया। त्योहार की पूर्व संध्या से ही पुलिस सड़कों पर मुस्तैद नजर आई। बाजारों, प्रमुख चौराहों, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने सघन चेकिंग और गश्त अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से लेकर वाहनों तक की तलाशी ली गई।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी, जहां त्योहार के चलते महिलाओं की आवाजाही अधिक रही। स्कूल-कॉलेजों के आसपास भी पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई। मनचलों और अराजक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रही। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि त्योहार की आड़ में महिलाओं से अभद्रता, छेड़छाड़ या छींटाकशी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बाजार से बस स्टैंड तक पुलिस का पहरा
रक्षाबंधन पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल शिकंजा कसा जा सके। पुलिस टीमों ने भीड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त भी की। सुरक्षा व्यवस्था का असर यह रहा कि बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी साफ दिखाई दी।
14 लोगों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई
सघन चेकिंग अभियान के दौरान थाना पिलुआ और थाना सकीट पुलिस ने कुल 14 लोगों के खिलाफ धारा 34 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से अराजक तत्वों में खलबली मची रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
बहनों की सुरक्षा पर एसएसपी की सीधी नजर
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एसएसपी डॉ. इलामारन पैदल घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों और रोडवेज बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को दो टूक निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ या अराजकता की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई करे।
सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ाई गई निगरानी
त्योहार के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। बाजारों और चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी के साथ गश्त बढ़ाई गई। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
एटा पुलिस ने लोगों से भी अपील की कि रक्षाबंधन का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।